संवाददाता प्रदुमन कुमार
UNITY INDIA NEWS
उत्तर प्रदेश के लोग इस वक्त ठंड से ठिठुर रहे हैं। शनिवार को चुर्क और बलिया शीत लहर की चपेट में रहे। चुर्क में न्यूनतम तापमान में प्रदेश में सबसे कम 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बलिया में पारा 5 डिग्री रहा। जबकि कानपुर और लखीमपुर खीरी में दिन का तापमान 11 डिग्री रिकॉर्ड हुआ और इन दोनों इलाकों में प्रदेश में सबसे ठंडे दिन रिकार्ड हुए। लखनऊ बहुत पीछे नहीं रहा यहां भी अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने ठंड को लेकर लखनऊ और अयोध्या समेत प्रदेश के कई इलाकों के लिए चेतावनी भी जारी की है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, इस वक्त जेट स्ट्रीम सक्रिय है। इनकी रफ्तार शनिवार को 130 से 140 नॉट रही। इससे मौसम में ठंडक बनी हुई है। अगले 48 घंटे में दिन का पारा दो से तीन डिग्री बढ़ सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।जौनपुर, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कुशीगंज, महाराजगंज, कानपुर देहात,इटावा, औरैया, प्रतापगढ़, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बिजनौर और आसपास आरेंज व येलो अलर्ट जारी करते हुए, यहां भी ठंड से सावधान रहने की चेतावनी जारी की गई है।